अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में मंगलवार सुबह से मौसम खराब रहा। हालांकि रोहतांग के साथ ऊंचे इलाकों में रुक-रूक बर्फबारी हो रही थी। लेकिन दोपहर बाद पूरी घाटी में भारी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। मनाली समेत जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगती पहाड़ियां भी बर्फ से सफेद हो गई। जिला में 40 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। कई क्षेत्रों में पानी और बिजली की समस्या हो रही है।
निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। फरवरी माह में लगातार बारिश और बर्फबारी होने से जिला के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने पहले से ही अलर्ट जारी किया है। जिला की ऊझी घाटी में हुई भारी बर्फबारी के बाद हिमखंडों के गिरने का क्रम भी जारी है। रोहतांग दर्रा सहित मनाली के सभी पर्यटन स्थलों राहनीनाला, मढ़ी, ब्यास नाला, चुम्बक मोड़, गुलाबा, धुंधी और अंजनी महादेव में बर्फबारी हो रही है। जलोड़ी दर्रा के साथ लाहौल-स्पीति के बारालाचा पास, जिंगजिंगबार, सूरजताल, चंद्रताल, मयाड़ घाटी की घेपन पीक, लेड़ी ऑफ केलांग, कुंजुम पास, बड़ा व छोटा शिगरी ग्लेशियर, नीलकंठ जोत में ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। जनजातीय क्षेत्र लाहौल के लिए नियमित हेलीकॉप्टर उड़ानें नहीं होने से घाटी के विभिन्न हेलीपैडों में 40 रेफर मरीजों समेत दो हजार यात्रियों को हेलीकाप्ॅटर की उड़ानों का इंतजार है। जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रा में 60 सेंमी, जलोड़ी दर्रा में 10, सोलंगनाला में 10 सेंटीमीटर ताजा बर्फ रिकॉर्ड किया है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि मौसम 27 फरवरी तक खराब है। ऐसे में जिलावासी और पर्यटकों सतर्क रहे।