सेउबाग में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप
पाइप टूटने से बाधित हुई है गांव की सप्लाई
ग्रामीण प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाकर बुझा रहे प्यास
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। वामतट के सेउबाग गांव में तीन दिन से पेयजल की आपूर्ति ठप है। ऐसे में लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि नलों में पानी न आने से कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत आईपीएच विभाग को भी अवगत करवाया था, लेकिन विभाग ने पेयजल की क्षतिग्रस्त पाइप को दुरुस्त नहीं किया है। ऐसे में गांव के लोगों को पीने का पानी प्राकृतिक स्रोत से लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों देवराज नेगी, सुरेश, नारायण सिंह, जय चंद, भूप सिंह और प्रेम चंद ने कहा है कि तीन दिन से गांव में पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। इस कारण लोगों को पीने के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। काइस के बच्चों को भी पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। ऐसे सैकड़ों छात्र-छात्राओं को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि पेयजल की पाइप टूटने से यह समस्या पेश आई है। लोगों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जल्द पेयजल लाइन को जोड़ा जाए। इस संबंध में आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता रोहित डोगरा का कहना है लाइन को तुरंत जोड़ दिया जाएगा और लोगों को पेयजल की आपूर्ति शीघ्र मुहैया करवाई जाएगी।