सैंज (कुल्लू)। महाविद्यालय सैंज में स्थायी भवन निर्माण, फीस वृद्धि का विरोध व एससीए चुनाव बहाली की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई सैंज ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई सैंज के कार्यकर्ता मांगों को लेकर 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक यह भूख हड़ताल जारी रहेगी।
इकाई अध्यक्ष प्रशांत नेगी ने कहा कि महाविद्यालय सैंज को बने हुए चार साल से अधिक समय हो गया है। लेकिन महाविद्यालय का अपना स्थायी भवन नहीं बन पाया है। भवन के लिए एनओसी का पेंच विद्यार्थियों के भविष्य पर भारी पड़ रहा है। विद्यार्थियों को सीसे स्कूल के भवन में ही कक्षाएं लगानी पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि छात्र हित के लिए सैंज महाविद्यालय के भवन का निर्माण जल्द किया जाए। विद्यार्थी परिषद मांग करती है कि एससीए चुनाव बहाल किए जाए। विश्वविद्यालय द्वारा हर वर्ष फीस वृद्धि की जा रही है। इससे कई विद्यार्थी पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं। इन मांगों को लेकर विद्यार्थी परिषद ने 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की है। अगर सरकार ने इन मांगों पर कोई गौर नहीं किया तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन को उग्र किया जाएगा। इस दौरान अंजली, चिंता, दर्शन, मनीष, चमन, संजय, रूम सिंह, होतम राम, रोहित कुमार, धर्मपाल आदि मौजूद रहे।