समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि लामबंद
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सीएम जयराम ठाकुर को भेजा ज्ञापन
दवाइयों की आपूर्ति समेत खाली पड़े पदों को भरने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। घाटी में ढुलमुल दूरसंचार सेवा के साथ कई अन्य समस्याओं को लेकर उदयपुर उपमंडल के लोगों ने सीएम जयराम ठाकुर को ज्ञापन प्रेषित किया है। सिविल सोसायटी लाहौल-स्पीति के बैनर तले इस ज्ञापन को नायब तहसीलदार एवं उपमंडल एसडीएम के माध्यम से भेजा गया है। ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने सरकार से बीएसएनएल की दूरसंचार सेवा के साथ अस्पतालों में दवाइयों की कमी को दूर करने की मांग की है।
उदयपुर से जिला परिषद की सदस्य शकुंतला देवी, बीडीसी मेंबर बलबीर सिंह, प्रधान सुमित्रा, उपप्रधान चिमरेट पंचायत गोपी चंद समेत स्थानीय निवासी हीराम गौड़, जगदीश चंद, योगराज, नंदलाल, ताराचंद, संदीप, शिवचंद, पानदेई, शेर सिंह, रघुवीर और विकास समेत करीब 70 लोगों ने एक हस्ताक्षरित ज्ञापन का सीएम को प्रेषित किया है। सिविल सोसायटी के अध्यक्ष एडवोकेट सुदर्शन ठाकुर ने कहा कि घाटी में पिछले करीब तीन सप्ताह से इंटरनेट और फोन सेवा सुचारु नहीं है। लाहौल के अधिकांश अस्पतालों में बीपी समेत अन्य जरूरी दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं। वहीं लाहौल की आबादी का करीब 40 फीसदी लोग उच्च रक्तचाप के मरीज हैं। अभी तक लाहौल और पांगी किलाड़ सड़क मार्ग से जुड़े थे लेकिन वाहन चालकों को घाटी में पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो पाया।
ज्ञापन में लोगों ने कहा है कि उदयपुर एसडीएम का पद पिछले दो महीनों से खाली चल रहा है। सीएम जयराम ठाकुर के अलावा उन्होंने कृषि, आईटी एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, स्वास्थ्य मंत्री और उपायुक्त को ज्ञापन भेजा है।