मनाली (कुल्लू)। विश्व विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला में सीजन का पहला हिमपात शनिवार को हुआ। सोलंगनाला के साथ कोठी, गुलाबा और मढ़ी समेत आसपास के इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबारी गदगद हैं।
सोलंगनाला में ताजा बर्फबारी के बाद अब पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। बर्फबारी के बाद यहां पर्यटकों ने खूब मौज मस्ती की। बर्फ टिकने से सोलंगनाला स्नो प्वाइंट बनेगा और यहां पर्यटकों की आवाजाही होगी। मनाली सहित समूची घाटी में पिछले तीन दिनों से मौसम खराब चल रहा है। जिससे मनाली के पर्यटन स्थल सोलंगनाला में भी हिमपात हो रहा है। शनिवार को मनाली के सोलंगनाला, कोठी, गुलाबा, धुंधी में ताजा हिमपात हुआ। घाटी के निचले क्षेत्रों में बारिश होने से सूखे से निजात मिली है।
सोलंगनाला में पांच सेंटीमीटर, कोठी में साढ़े सात सेंटीमीटर, गुलाबा में करीब 12 सेंटीमीटर, मढ़ी में 30 सेंटीमीटर तथा रोहतांग पास में करीब तीन फुट ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। जबकि शनिवार दोपहर तक बर्फबारी का दौर जारी रहा। घाटी में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में तापमान माइनस में है। उधर, पर्यटन कारोबारियों में प्रवीण फैके, दलीप, प्रवीण आचार्य, चंदन शर्मा और अनिल शर्मा ने कहा कि मनाली के साथ लगते स्नो प्वाइंट्स में ताजा हिमपात होने पर्यटन के लिए शुभ संकेत हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर इव पर मनाली में सफेद चादर होने की उम्मीद है। पर्यटकों की सुविधा व पर्यावरण बचाने के लिए शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस शनिवार को कोठी तक गई। कोठी में ताजा हिमपात होने के चलते यहां पर्यटकों ने बर्फ के दीदार किए। इस दौरान पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब अठखेलियां की। बर्फबारी के बीच भी इलेक्ट्रिक बस स्नो प्वाइंट तक जाएगी। शनिवार को 13 सवारियों ने इलेक्ट्रिक बस में रोमांच भरा सफर किया।