मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के प्रमुख पर्यटन स्थल 13050 फीट ऊंचे रोहतांग पास में बुधवार दोपहर बाद हल्का हिमपात हुआ। मनाली की ऊंची चोटियां मकरवे, शिकरवे मनाली पीक, लद्दाखी पीक, सेवन सीस्टर पीक, पतालसू पीक, देउ टिब्बा, हनुमान टिब्बा, मांगण कोट, शलीण धार, हामटा पास और शेतीधार में हल्का हिमपात हुआ। वहीं मनाली सहित समूची घाटी में बूंदाबांदी हुई।
हल्के हिमपात के बाद कुल्लू-मनाली में पारा भी लुढ़क गया है। जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए घरों में तंदूर समेत हीटर आदि का सहारा ले रहे हैं। रोहतांग में हुई हल्की बर्फबारी के बाद कुल्लू पुलिस ने रोहतांग होकर लेकर जाने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दी है। कहा है कि रात के समय रोहतांग की ओर सफर न करें और दिन में भी सावधानी बरतें। बर्फबारी होने की सूरत में यहां पर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं कुल्लू में दिनभर काफी ठंड महसूस की गई। आसमान में हल्के बादल छाए रहे। जबकि दोपहर बाद मनाली में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। पहाड़ों पर बर्फ बारी शुरू होने के बाद तापमान लगातार गिरता जा रहा है। इधर, एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मनाली-लेह मार्ग पर यात्री सावधानी से यात्रा करें। उन्होंने रात्रि के दौरान यात्रा न करने की सलाह दी है।