अचानक जलस्तर बढ़ने से टूट गई सुरक्षा दीवार, घरों में फंस गए थे लोग
पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाले
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू/पतलीकूहल। डोभी स्थित तिब्बतियन कॉलोनी में भारी बारिश के चलते ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। बाढ़ के कारण कॉलोनी की सुरक्षा दीवार टूट गई और पानी और मलबा कॉलोनी में भर गया।
इससे 130 लोग फंस गए। नेटवर्क बाधित होने से सूचना में देरी हुई लेकिन समय पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित निकाला।अचानक आई बाढ़ ने कॉलोनी की आरसीसी की सुरक्षा दीवार को तोड़ दिया। कॉलोनी के भीतर पानी और मलबा घुस गया। पानी और मलबा भरने से कॉलोनी के बाहर निकलने वाले रास्ते पूरी तरह बंद हो गए और लोग अपने घरों में ही फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव अभियान शुरू किया। संयुक्त प्रयासों से लगभग 130 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। कॉलोनी के चीफ तेंजिन और स्थानीय निवासियों की मदद से सभी प्रभावित लोगों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय रहते मदद न मिलती तो हालात बेहद गंभीर हो सकते थे।
उधर, डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थाना पतलीकूहल पुलिस सक्रिय हो गई। सब इंस्पेक्टर रजत रेस्क्यू टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पतलीकूहल दमकल चौकी की टीम से सहयोग लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी और सूझबूझ से चलाया गया। इस वजह से किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।