कुल्लू। जिले में बारिश थमने और मौसम साफ होने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने का काम तेज कर दिया है। बरसात की शुरुआत में बंद हुई 51 सड़कों में से सोमवार को 13 सड़कों पर बहाल कर दिया गया। मौसम खुलने से किसानों और बागवानों ने भी राहत की सांस ली है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार कुल्लू मंडल की चार, मनाली की दो, बंजार की तीन और आनी उपमंडल की चार सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया है। शेष सड़कों को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। तकनीकी खराबी के कारण बंजार क्षेत्र में बिजली के आठ ट्रांसफार्मर अभी भी बंद हैं। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार तीन-चार दिनों तक हुई बारिश के कारण किसानों और बागवानों का फल और सब्जियां मंडियों तक पहुंचाने का काम भी प्रभावित रहा। हालांकि, मौसम साफ होने के बाद कृषि और बागवानी गतिविधियां फिर से पटरी पर लौटने लगी हैं।
उधर, ब्यास समेत जिले की अधिकांश नदियों और नालों का जलस्तर फिलहाल सामान्य बना हुआ है। रविवार शाम को बांध से पानी छोड़े जाने के बाद मणिकर्ण क्षेत्र में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे न जाने और प्रशासन की ओर से जारी एडवायजरी का पालन करने की अपील की है। संवाद