पीएमजीएसवाई चरण-4 के तहत स्वीकृत राशि से दुरुस्त होगी पांच किमी सड़क
मणिकर्ण घाटी के लोगों को मिलेगी राहत, विभाग का दावा- जल्द शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के टिपरी क्षेत्र के लोगों को अब सड़क की समस्या का सामना नहीं करना होगा। क्षेत्र के लिए जाने वाली सड़क ही हालत में जल्द सुधार होगा।
केंद्र सरकार ने बालू-रा घेरा-टिप्परी-शाहुट सड़क को पीएमजीएसवाई चरण-4 के तहत स्वीकृत करते हुए इसके सुधार के लिए धनराशि स्वीकृत की है। इससे सड़क की स्थिति में सुधार होगा। लोगों को भी आने-जाने में आसानी होगी। एक करोड़ 26 लाख रुपये स्वीकृत होने से करीब पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग की दशा सुधर जाएगी। क्षेत्र की इस सड़क की सूरत बदलने से ग्रामीणों के विकास की राह आसान होगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी नेगी ने कहा कि जल्द ही सड़क का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
सड़क की हालत सुधरने से छनेत, शौरन, पौशी, चाकलधार, शारस, मड़ोली, टिपरी और शाउट गांवों के लोगों को लाभ होगा। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई सालों से वे इस सड़क की हालत सुधारने की मांग उठाते रहे हैं। सड़क तो बनी है लेकिन इसकी स्थिति खराब है। इससे उन्हें काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अब पीएमजीएसवाई चरण-चार में स्वीकृत होने के बाद अब सड़क की हालत सुधरने की उम्मीद जगी है।
आपदा में हो गई थी क्षतिग्रस्त
क्षेत्र के लोगों में रेवत भारती, डाबे राम, उदय राम, महेंद्र शर्मा, देव राज शर्मा, अमर नाथ और डोला राम ने कहा कि बरसात के दिनों में भी सड़क को काफी नुकसान हुआ है। इस कारण अब इस मार्ग में वाहनों की आवाजाही नहीं ठीक से नहीं हो पा रही है। सड़क के लिए मिले धन से सड़क की स्थिति सुधर जाएगी।