अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। लाहौल-स्पीति के लिए हेलीकॉप्टर की नियमित उड़ानें नहीं होने से लाहौल-स्पीति कांग्रेस कमेटी उग्र हो गई है। उनका धरना ढालपुर मैदान में तीन दिनों से जारी है। मांगे पूरी न होने पर कमेटी ने छह मार्च को ढालपुर में भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
लाहौल-स्पीति कांग्रेस के महासचिव प्यारे लाल शर्मा की अध्यक्ष में सोमवार को कांग्रेस के लोग धरने पर डटे रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लाहौल-स्पीति के लोगों को धोखा दे रही है। महासचिव प्यारे लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सोमवार को लाहौल-स्पीति के विभिन्न हेलीपैडों के लिए छह उड़ानों का शेड्यूल जारी था। लेकिन कुछ उड़ानों को छोड़कर कोई भी फ्लाइट नहीं हो सकी है। इससे रोहतांग दर्रा आरपार करने वाले सैकड़ों लोगों, बीमार और स्कूली विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ती जा रहा है। कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या और भी बढ़ रही है। कहा कि अगर जल्द भीतर लाहौल-स्पीति के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ानें नियमित रूप से नहीं हुई तो छह मार्च से लाहौल-स्पीति जिला कांग्रेस कमेटी प्रदेश सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठ जाएगी। सोमवार को धरने पर लाहौल-स्पीति कांग्रेेस के महासचिव प्यारे लाल शर्मा, शेर सिंह, नोरबू छेरिंग, सुनील, दावा, रंजीत, तथा कूंगा बोध आदि शामिल रहे।