रायसन बिहाल में हॉट मिक्सचर प्लांट सील
खामियां पाए जाने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने की कार्रवाई
नोटिस और बिजली कटने के बावजूद चल रहा था प्लांट
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू और पर्यटन नगरी मनाली के बीच रायसन बिहाल में चलाए जा रहे हॉट मिक्सचर प्लांट को सील कर दिया गया है। पर्यावरण नियमों को ताक पर रख कर मिक्सचर प्लांट को चलाया जा रहा था। इसके लिए प्रदूषण बोर्ड ने पिछले महीने नोटिस दिया था और बिजली कनेक्शन काट दिया था। बावजूद इसके प्लांट में काम चल रहा था, बुधवार को नायब तहसीलदार, प्रदूषण बोर्ड, पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मिक्सचर प्लांट को सील कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मिक्सचर प्लांट नियम-कायदे को ताक पर रख कर चलाया जा रहा था। वहीं इस मिक्सचर प्लांट को लेकर लंबे समय सेे प्रभावित लोगों की ओर से शिकायत की जा रही थी। इस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एक्शन लेते हुए कुल्लू प्रशासन से नायब तहसीलदार और प्रदूषण बोर्ड समेत अन्य संबंधित विभागों की टीम का गठन कर मिक्सचर प्लांट का मौका कर इसे सील किया। टीम में नायब तहसीलदार दौलत राम, एसडीओ बिजली बोर्ड सुनील शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एईई प्रदीप मोदगिल, राजीव शर्मा, पुलिस विभाग से नाला चंद नेगी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों राकेश, रमेश, धर्मेश, नीना, कमला, सुनीता, धनीराम, सोमनाथ, अमरिंद्र और कमलेश ने सही बताते हुए कहा कि देवभूमि में यह मिक्सचर प्लांट प्रदूषण फैला रहा था। इसके चलते इलाके के लोगों को सांस सहित कई तरह की स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं से जूझना पड़ रहा था। इस संबंध में एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि उक्त हॉट मिक्सचर प्लांट संचालक की ओर से नियमों की अवहेलना कर चलाए जाने पर इसमें सील लगाई गई है। हालांकि संचालक को पहले ही नोटिस भी दिया गया था। उन्होंने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर चलाए जाने वाले अन्य प्लांटों और होटलों पर भी कार्रवाई की जाएगी।