अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू कॉलेज में आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसमें सभी इंडोर खेलों की सुविधाएं मिलेंगी। कहा कि सरकार खेल सुविधाओं को लेकर गंभीर है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। गांव की प्रतिभा को एक मंच दिलाने के लिए सुविधाएं जुटाई जा रही हैं।
ढालपुर मैदान में सोमवार को अंतर महाविद्यालय फुटबाल चैंपियनशिप के समापन अवसर पर गोविंद सिंह ने यह बात कही। कहा कि कुल्लू महाविद्यालय को रूसा के तहत दो करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने इस राशि से इंडोर स्टेडियम का निर्माण करवाने का एस्टिमेट बनवाया है। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली में भी इंडोर स्टेडियम की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। प्रधानाचार्य डॉ. नंदलाल शर्मा ने वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री को कॉलेज में हो रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। समापन समारोह में आनी के विधायक किशोरी लाल सागर, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य यशपाल महंत व अन्य मौजूद रहे।