अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भगवान रघुनाथ के सम्मान में इस बार अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव 19 से 25 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। सैकड़ों देवी-देवताओं के महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के लिए कुल्लू-मनाली के होटल कारोबारी भी तैयारियों में जुट गए है। जिले के व्यवसायी अपने होटल, रेस्तरां व ढाबों को रंगरोगन से नया स्वरूप देने में जुट गए हैं।
सात दिनों तक चलने वाले दशहरा उत्सव में कुल्लू-मनाली के कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। दशहरा में कैश करवाने के लिए होटलों, रेस्तरां व ढाबों में नए पकवानों को भी शामिल किया जा रहा है। इसके लिए नए रेट के साथ नया मेन्यू भी तैयार किया जा रहा है। दशहरा उत्सव-2018 के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। उत्सव के भव्य आयोजन के लिए दशहरा उत्सव समिति के साथ देव समाज की बैठकों का दौर शुरू हो गया है। रेस्तरां व ढाबों मेें फर्नीचर में विशेष रूप से रंगरोगन से सजाया जा रहा है। कुछ जगहों पर नया फर्नीचर भी लगाया जा रहा है। इसके अलावा मिष्ठान भंडारों को भी चकाचक किया जा रहा है। इधर, होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि पिछले तीन माह से मनाली का पर्यटन सीजन पूरी तरह से सिमट गया और और पर्यटन कारोबारी परेशान हैं। इस बार घाटी में पर्यटन सीजन भी मंदा रहा है। ऐसे में अब होटलियरों को दशहरा उत्सव में कारोबार होने की उम्मीद है।