अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। सदर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली कशावरी फाटी के लिए प्रदेश सरकार ने उठाऊ पेयजल योजना स्वीकृत की है। सरकार इस उठाऊ पेयजल योजना पर एक करोड़ 80 लाख रुपये खर्च करेगी। इसका लाभ दनोगी व भ्रैंण पंचायत के सात गांवों को मिलेगा। उठाऊ पेयजल योजना के स्वीकृत होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
दनोगी वार्ड से बीडीसी सदस्य राधा शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य एवं भाजपा कुल्लू मंडल के उपाध्यक्ष वीर सिंह ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, भ्रैंण पंचायत की प्रधान राधा देवी, वार्ड पंच ओम प्रकाश, पूर्व प्रधान सर्वदयाल, जगदीश कुमार, आलम चंद, चेतन शर्मा, रेवत भारती ने कशावरी फाटी को उठाऊ पेयजल योजना के लिए राशि स्वीकृत करने पर जनता की ओर से आभार जताया। पेयजल योजना से कशावरी फाटी के भ्रैंण, छमाण, पौशी, टीपरी, गनाखला, ओझरी, कराहडू फूल आदि गांवों को सीधा फायदा होगा। गर्मियों के दिनों में इस क्षेत्र में पेयजल को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर व भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र प्रभारी राम सिंह का आभार जताया है।