एसएफआई और एबीवीपी के बीच धक्कामुक्की
प्रदर्शन के दौरान झड़प, स्नोर वैली छात्र संघ के दो गुटों में भी हुई हाथापाई
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। कुल्लू कॉलेज परिसर में दो छात्र संगठनों के बीच धक्कामुक्की हो गई। एसएफआई की ओर से बुधवार को कॉलेज में शिक्षकों की कमी और छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर रैली निकाली गई। इस दौरान एबीवीपी और एसएफआई के बीच कहासुनी और धक्कामुक्की हो गई। हालांकि मामला बाद में शांत हो गया।
एसएफआई कार्यकर्ताओं की ओर से की गई नारेबाजी पर जब एबीवीपी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका तो एसएफआई उग्र हो गई। मामला शांत होने के बजाय गरमा गया। एबीवीपी छात्र संघ के जिला संयोजक विकास भल्ला ने कहा कि एबीवीपी के कार्यकर्ता कॉलेज कैंपस में सदस्यता अभियान चला रही थी। इस दौरान एसएफआई ने प्रदर्शन किया तो एबीवीपी, भाजपा व आरएसएस के खिलाफ नारेबाजी की। इसे लेकर जब उन्हें रोकना चाहा तो एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ धक्कामुक्की करने की कोशिश की। उधर, स्नोर वैली छात्र संगठन के दो गुटों के बीच भी झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि छात्र संगठन के आपसी विवाद को लेकर छात्रों में हाथापाई हुई। इस दौरान कॉलेज परिसर में पुलिस को भी बुलाया गया था। एसएचओ कुल्लू अशोक शर्मा ने कहा कि पुलिस को कॉलेज में छात्र संगठनों में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों के बीच समझौता हो गया।