प्रहरी ऐप से कर्मचारियों पर नजर
हादसों पर होगी त्वरित कार्रवाई
मोबाइल में लाइव लोकेशन से पता चलेगी गश्त टीम की स्थिति
हादसों के फोटो व वीडियो होंगे अपलोड, नजदीकी कर्मचारी की लगेगी ड्यूटी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/मनाली। जिला में अब प्रहरी ऐप से पुलिस और होमगार्ड जवानों की लोकेशन पर उच्च अधिकारियों की निगरानी रहेगी। प्रहरी ऐप के माध्यम से लाइव लोकेशन का डाटा पुलिस उच्च अधिकारियों के पास रहेगा। ड्यूटी में तैनात होते ही लॉग इन पर एडमिन को नोटिफिकेशन आना शुरू होगी और हर वक्त निगरानी रहेगी।
जीपीएस के माध्यम से काम करने वाली यह एप कर्मचारी के लॉग इन करते ही काम करना शुरू कर देगी। गश्त बीट चार्ट के अनुसार कहीं भी इधर-उधर जाने पर तुरंत इसकी सूचना नोटिफिकेशन के माध्यम से एडमिन तक पहुंचेगी। पायलट आधार पर 30 लोगों ने करीब एक माह तक इसकी जांच परख की। बाद में इसे एप के रूप में विकसित किया गया। प्रथम चरण में गश्त या हादसों के दौरान त्वरित कार्रवाई को लेकर काम किया जा रहा है। जबकि द्वितीय चरण में इस ऐप को और अधिक विकसित करते हुए अन्य चीजों में भी इस्तेमाल किया जाएगा। यह ऐप पुलिस का इंटरनल ऐप होगा। लोगों के लिए यह उपलब्ध नहीं होगा। पुलिस को गश्त के दौरान किसी भी तरह की कोताही की शिकायत मिलने पर इस ऐप से वेरीफिकेशन कर त्वरित कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी। दुर्घटना, झगड़ा, चोरी समेत अन्य वारदात होने पर फोटो व वीडियो अपलोड किए जाएंगे। लाइव लोकेशन की मदद से नजदीकी कर्मचारी को मौके पर भेजा जाएगा।
इस ऐप के माध्यम से होमगार्ड जवान से लेकर पुलिस कर्मचारी वन टच काल के माध्यम से सीधे एसपी के संपर्क में रहेंगे। द्वितीय चरण में थानों की गाड़ियों पर भी लाइव लोकेशन का फार्मूला अपनाया जाएगा। थाना से बाहर निकलते ही गाड़ी कब और कहां जाती है। इसकी पूरी जानकारी उच्च अधिकारियों के पास रहेगी। ऐप से यह भी तय किया जाएगा कि किस जगह पर अधिक गश्त की जरूरत है।
इस संबंध मेें पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि वर्तमान में कुल्लू, मनाली और भुंतर थाना के अलावा शहरी पुलिस चौकी इसमें शामिल की गई है। जल्द जिला के अन्य थानों को इसमें शामिल किया जाएगा। स्मार्ट फोन में इस ऐप को इंस्टाल करने के बाद लाइव लोकेशन के साथ इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। ऑफिस में बैठे हुए भी ऐप की मदद से फील्ड में कार्य कर रहे कर्मचारियों पर पूरी निगरानी रहेगी। कोताही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।