अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल के चंद्राघाटी में तिनन एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के बैनर तले इंडोर खेलों का शुभारंभ हो गया है। नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से क्लब केरम, छोलो, वॉलीबाल, तीर अंदाजी, बैडमिंटन और क्रिकेट का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को पहले दिन क्रिकेट मैच हुआ। इसमें गौंधला ने दालंग को चार रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। क्लब के सचिव एवं गौंधला पंचायत के उपप्रधान सूरज ने बताया कि प्रतियोगिता में गौंधला और खंगसर पंचायत के 14 गांवों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय खेलों का शुभारंभ गौंधला पंचायत की प्रधान संगीता ने किया। उन्होंने बताया कि क्लब की ओर से हर साल सर्दियों में इंडोर खेलों के साथ क्रिकेट और वॉलीबाल का आयोजन किया जाता है। नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक राम सिंह ठाकुर ने बताया कि विभाग शीतकालीन खेलों के अलावा पारंपरिक और इंडोर खेलों के आयोजन के लिए स्थानीय क्लबों की मदद करता है। सूरज ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिन सोमवार को तीर अंदाजी के मुकाबले होंगे।