अमर उजाला ब्यूरो
मनाली/पतलीकूहल।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मंडी जिला कांग्रेस के प्रभारी धर्मवीर धामी का कहना है कि बेशक मंडी जिला में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट न मिली हो लेकिन वह मंडी कांग्रेस को धरातल से शुरूआत कर नए सिरे से खड़ा करेंगे। कहा कि इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। जल्द ही मंडी कांग्रेस हर क्षेत्र में जाकर संगठन से जुड़े सभी फ्रंटल आर्गेनाइजेशन से बात कर रणनीति तैयार की जाएगी। कार्यकर्ताओं से बात की जाएगी। इतना ही नहीं संगठन में लोगों से जुड़ाव को लेकर जाने-अनजाने कोई कमी रह गई हो तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। चुनावी राजनीति से संन्यास की अटकलों को उन्होंने पुरानी बात कहते हुए बताया कि बेशक अभी वह चुनाव लड़ने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। लेकिन चुनाव न लड़ने को लेकर कोई कसम भी नहीं खाई है। पार्टी यदि उन्हें लोकसभा, राज्यसभा या अन्य किसी चुनाव को लड़ने को कहती है तो इसका पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में हर पांच साल बाद सत्ता बदलती है। ऐसे में आने वाले समय में कांग्रेस सत्तासीन होगी। लिहाजा, कार्यकर्ताओं को मायूस होने की जरूरत नहीं है और वह जनता के मसले उठाते रहेंगे।