नववर्ष के मौके पर कुल्लू भुंतर के बीच होगी हॉफ मैराथन
रन फॉर फन में विजेताओं को पहली बार मिलेगा पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुल्लू एवं जिला युवा सेवाएं व खेल कार्यालय कुल्लू की ओर से नव वर्ष के मौके पर सोमवार को समर्थ सिटीजन सोलिडेटरी मार्च और हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें महिलाएं पुरूष के अलावा रन फॉर फन का भी आयोजन किया जा रहा है। पहली बार रन फॉर फन वर्ग में भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
पुरूष वर्ग की हॉफ मैराथन 21 किलोमीटर जबकि महिला वर्ग की मैराथन 10 किलोमीटर की होगी। एक जनवरी को होने वाली हॉफ मैराथन उपायुक्त कार्यालय ढालपुर कुल्लू से भुंतर तथा वापसी इसी मार्ग से होगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों सहित अन्य वर्ग के लिए 3.4 किलोमीटर रन फॉर फन दौड़ भी होगी। सहायक आयुक्त एवं उपायुक्त डॉ अमित गुलेरिया ने कहा कि मैराथन के लिए पंजीकरण शुल्क खेल विभाग के कार्यालय में जमा करने वाले प्रतिभागियों को चेस्ट नंबर जारी किया गया है। वहीं डीसी युनूस ने कहा कि रन फॉर फन में पहली बार पुरस्कार दिए जा रहे हैं। उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि मैराथन का हिस्सा बनें।