मनाली में पैराग्लाइडिंग के उपकरणों की जांच करती संयुक्त कमेटी के सदस्य।
कुल्लू। पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर सोलंग नाला में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी की अगुवाई में शुक्रवार को टीम ने 120 ग्लाइडर और उनके उपकरणों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी रोहित शर्मा भी मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए पैराग्लाइडिंग उपकरणों का निरीक्षण किया जा रहा है। कमेटी में पर्यटन विभाग, अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों के साथ-साथ दो गैर-सरकारी सदस्य भी शामिल हैं। नेगी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 120 ग्लाइडरों की जांच की गई, जिनमें से दो ग्लाइडरों और तीन पर्यटकों को बैठने वाली हारनेस सीट को सुरक्षा मानकों पर खरा न उतरने के कारण रिजेक्ट कर दिया गया। रिवर राफ्टिंग सेंटर के प्रभारी गिमनर सिंह ने बताया कि इस दौरान सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों की बारीकी से जांच की जा रही है।