न्यूली (कुल्लू)। बरसात के मौसम को देखते हुए सैंज घाटी में प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें, इसके लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के 12 जवान घाटी में तैनात कर दिए गए हैं। इनके अलावा स्थानीय पुलिस, होमगार्ड और अन्य आपदा प्रबंधन टीमें भी पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया जा सके। प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
उपमंडलाधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि सैंज क्षेत्र के लिए एसडीआरएफ के 12 जवान तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित आपदा राहत एवं बचाव दलों को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करते हुए सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को दें। संवाद