विधायक निधि से जारी की गई है राशि, शादियों-धार्मिक समारोहों के आयोजन को मिलेगी जगह
एक साल में पूरा होगा महिला, युवक मंडल के साथ सामुदायिक भवनों का निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। विधानसभा क्षेत्र कुल्लू में विधायक निधि से सामुदायिक भवन और महिला मंडल भवन तैयार हो रहे हैं। विधायक निधि से सामुदायिक और महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए लाखों की राशि जारी की गई है। भवन बनने से गांवों के लोगों को शादी और अन्य धार्मिक समारोहों के आयोजन के लिए जगह उपलब्ध हो रही है।
2024-25 में कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ने एक दर्जन महिला और सामुदायिक भवनों के लिए राशि जारी की है। इससे महिला मंडल, युवक मंडल और सराय भवन बन रहे हैं। विधायक ने भवन निर्माण के अलावा अन्य कार्य के लिए भी धन जारी किया है। उन्होंने एक साल में 12 सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए 32 लाख से अधिक की धनराशि जारी की है। इनमें 5 सामुदायिक, 3 महिला मंडल, एक युवक मंडल, एक वाल्मीकि और 2 सराय भवन शामिल हैं।
अखाड़ा बाजार निवासी राज कुमार की ओर से आरटीआई से ली जानकारी के अनुसार कसोल पंचायत में सामुदायिक भवन के लिए 3 लाख, ब्राह्मण पंचायत में 3 लाख जारी किए हैं। चताणी में महिला मंडल भवन के लिए 3 लाख, सराय भवन पीज के लिए 2 लाख 35 हजार, सराय भवन सुमा के लिए 2 लाख 50 हजार जारी किए हैं। रूजग महिला मंडल भवन में अन्य कार्यों के लिए 25 हजार जारी किए हैं।
सामुदायिक भवन जरड़ भुट्टी के लिए 2 लाख 50 हजार, बांदल पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख, वाल्मीकि सामुदायिक भवन कुल्लू शिशामाटी के लिए 2 लाख, युवक मंडल खोखन केे लिए 1 लाख 50 हजार, ब्राह्मण पंचायत में सामुदायिक भवन के लिए 2 लाख, सुल्तानपुर सामुदायिक भवन के लिए 3 लाख और सामुदायिक भवन चौकी डोभी के लिए 2 लाख रुपये जारी किए हैं। छह से अधिक सामुदायिक भवन ऐसे हैं, जिनमें आवश्यक कार्य के लिए दस हजार से 50 हजार रुपये तक की राशि जारी की गई है। संवाद