ठंड से निजात, सर्दी से निपटने के लिए कर्मचारियों को है यह प्रावधान
विंटर ड्यूटी को सेवारत सभी कर्मियों को 15 तक दी जाएगी स्नो किट
दिनेश जस्पा
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। एचआरटीसी केलांग डिपो के 116 चालकों-परिचालकों और मेकेनिकल स्टाफ के कर्मचारियों को विंटर सीजन से निपटने के लिए स्नो किट मिलेंगी।
यह स्नो किट केलांग डिपो के अंतर्गत आने वाले उन कर्मचारियों को ही मिलेंगी जो विंटर सीजन में केलांग, उदयपुर, किलाड़ और रिकांगपिओ में सेवारत रहेंगे। घाटी में कड़ाके की ठंड के बीच कर्मचारी ईमानदारी से अपनी सेवाओं को जारी रखे हैं। उन्हें ठंड से राहत देने वाली स्नो किट मिलने का भी इंतजार है। एचआरटीसी के इन कर्मचारियों को अभी स्नो किट नहीं मिली हैं। भले ही घाटी में अभी बर्फबारी नहीं हुई है लेकिन सर्दी ने दस्तक दे दी है।
जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में विंटर सीजन से निपटने के लिए एचआरटीसी के कर्मचारियों को स्नो किट देने का प्रावधान है। ये कर्मचारी केलांग के साथ उदयपुर, किलाड़ और रिकांगपिओ में विंटर को सेवारत रहते हैं। ये कर्मचारी बर्फबारी होने तक ठंड भरे मौसम में सुबह-शाम अपनी ड्यूटी को अंजाम देते हैं। कई बार विकट परिस्थितियों में बसों में तकनीकी खराबी या कई कारणों से उन्हें सर्द रात भी बसों में काटनी पड़ती हैं। अब वहां सेवारत कर्मियों को सरकार व निगम की ओर से मिलने वाली स्नो किट भी समय पर मिल जानी चाहिए। उधर, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रामपाल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र में तैनात जो भी कर्मचारियों को स्नो किट व अन्य सुविधाएं मिलती हैं, उन्हें समय पर दिया जाना चाहिए।
एचआरटीसी केलांग डिपो के 116 चालकों-परिचालकों और मेकेनिकल स्टाफ के कर्मचारियों को विंटर सीजन से निपटने के लिए स्नो किट दी जाएंगी। इन सभी कर्मचारियों को 15 दिसंबर तक स्नो किट उपलब्ध कर दी जाएंगी। -अंशित शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी केलांग डिपो