अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। पट्टन घाटी के रावा हेलीपैड में इस सीजन में अभी तक एक भी उड़ान नहीं हुई है। आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने के बाद लोगों को अब नियमित हेलीकॉटर उड़ानों की उम्मीद जगी है।
जहालमा जिप वार्ड से जिप सदस्य सुदर्शन जस्पा, जहालमा पंचायत प्रधान सुरेंद्र किरु, गोहरमा पंचायत केे प्रधान अरविंद और नालडा पंचायत के प्रधान सरोज ने राज्यपाल और चुनाव आयोग से मांग की है कि बरिंग, रावा और सिस्सू हेलीपैड के लिए तत्काल हेलीकॉप्टर की उड़ानें करवाई जाए। जस्पा ने बताया कि बारिंग में 21 और सिस्सू हेलीपेड में एक गर्भवती महिला समेत एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रहे हैं। कहा कि इस बार सर्दियों में लाहौल के लिए सबसे कम उड़ानें हुई हैं। इसलिए अभी भी करीब डेढ़ हजार से अधिक लोग और कर्मचारी कुल्लू में फंसे हैं। जस्पा ने कहा कि लोनिवि ने सिस्सू हेलीपैड से बर्फ हटा दिया है। लोगों को अब उड़ानों का इंतजार है। सुरेंद्र किरु ने बताया कि रावा हेलीपैड में इस बार अभी तक एक भी उड़ान नहीं हुई, जबकि बारिंग में कुछ मरीज समेत 21 बच्चे हेलीकॉप्टर की राह ताक रहे हैं। कहा कि नियमित उड़ानें नहीं होने से जनता में सरकार के प्रति भारी रोष है। जस्पा ने कहा कि चुनाव अचार संहिता लागू होने के बाद जनजातीय लोगों को नियमित उड़ानों की उम्मीद है।