अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में अध्ययनरत लाहौल-स्पीति छात्र संगठन का वीरवार शाम को एक दिवसीय शगुन कार्यक्रम आयोजित हुआ। भुंतर स्थित जनजातीय भवन में हुए कार्यक्रम में लाहौल-स्पीति के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब धमाल मचाया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने की। सेवानिवृत्त डीजीपी टशी दावा भी विशेष अतिथि मौजूद रहे।
लोक गायक रमेश ठाकुर और रोजी शर्मा सांस्कृतिक संध्या के मुख्य कलाकार रहे। दोनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत गाकर सभागार में मौजूद लोगों को खूब नचाया। रोजी शर्मा ने हाथा रूमाला प्यारे निशानी, साथी ग्यू रूठे साथी, अंगमो लाई लाल, करलेंणी पहाड़ा री सैर, कंकरीया मार के जगाया आदि गीत प्रस्तुत किए। इस पर विद्यार्थी झूम उठे। वहीं रमेश ठाकुर ने मरगुल बाजारियों देखो मेरी शाना, तिजो गई शिले घराट आदि गीत प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर वाहवाही लूटी। मुख्य अतिथि डॉ. मारकंडा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ने भी जनजातीय संस्कृति को संजोए रखा है। मारकंडा ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में अपनी नई पहचान देने का भी आह्वान किया है। उन्होंने संगठन को 41 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की है। इससे पूर्व लाहौल-स्पीति छात्र संगठन के अध्यक्ष राहुल नालडू ने एसोसिएशन के गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर रूवीना शर्मा ने चलो भाग चले दोनों मौसम आवारा है,भाई साहब जी केलांगा का सेल, लच्छी बड़ी सूरत आदि गीतों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने नवाजा। कार्यक्रम में डॉ. बाईकिंग भानू, ट्राइबल स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक स्वांगला, बीडीसी के पूर्व सदस्य संजीव कुमार, मोहन कपूर आदि मौजूद रहे।