अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाला कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को बस सेवा के लिए बहाल हो गया है। निगम की बसों के साथ वोल्वो भी मनाली पहुंच गई हैं। इससे आम लोगों के साथ पर्यटकों ने राहत की सांस ली है।
मनाली निवासी जितेंद्र शर्मा, हेम राज मेहरा व जगदीश ने बताया कि बर्फबारी से कुल्लू-मनाली का संपर्क कटने से पर्यटकों के साथ घाटी के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को आलू ग्राउंड से चार किलोमीटर पैदल चलकर गंतव्य पहुंचना पड़ा। बता दें कि रोड के बंद होने से कई निजी वाहन चालक व टैक्सी चालकों ने मनमाने रेट वसूल कर पर्यटकों के साथ खूब लूट खसोट की। बस अड्डा प्रभारी मनाली राजेंद्र कुमार ने बताया कि बर्फ के चलते मनाली के विभिन्न रूटों की बसों को आलू ग्राउंड में पार्क किया गया था। लेकिन अब मौसम खुल गया और सड़क के बहाल होने से बसें व वोल्वो मनाली पहुंच गई हैं। वोल्वो एसोसिएशन के प्रधान वरुण मल्होत्रा ने बताया कि मनाली में बर्फ जमने से वोल्वो को मनाली पहुंचना मुश्किल हो गया था। ऐसे में सैलानियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। एसडीएस मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि कुल्लू-मनाली मुख्य मार्ग बस सेवा के लिए खोल दिया गया है।