मनाली में तीन नवंबर को चुनीं जाएंगी मिसेज मनाली
फाइनल में 20 प्रतिभागी बिखेरेंगी हुस्न का जलवा
हिमालयन डायमंड अकादमी करवाएगी आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में तीसरी मिसेज मनाली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। एक नवंबर से शुरू होने वाली तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से चुनी हुईं 20 प्रतिभागी अपने हुस्न का जलबा बिखेरेंगी। मिसेज मनाली का खिताब जीतने वाली विजेता को मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन की तैयारियां आरंभ हो गई हैं।
हिमालयन डायमंड अकादमी की एमडी इंदिरा शर्मा ने कहा कि तीसरी मिसेज मनाली प्रतियोगिता का आयोजन मनाली के रामबाग में स्थित मनु रंगशाला में किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में ऑडिशन किया गया था, जिसमें 20 महिलाएं फाइनल में पहुंची हैं। एक और दो नवंबर को महिलाओं का ग्रूमिंग ऑडिशन मनाली के होटल सीगुल में किया जाएगा। 3 नंबवर को मनाली रामबाग की मनु रंगशाला में प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले राउंड होगा। शाम चार बजे आरंभ होने वाली प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग होंगे। 21 से 39 वर्ष जिसे मिसेज मनाली और 40 से 60 आयु मिसेज क्लासिक मनाली आयु वर्ग की प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के लिए जज मुंबई से मनाली पहुंच रहे हैं। हिमालयन डायमंड अकादमी में पैटर्न सतीश सूद और प्रवक्ता मोहन ने कहा कि वर्ष 2017 की चुनी गई मिसेज मनाली बिलासपुर की शालू ठाकुर ने गोवा में मिसेज इंडिया में मिसेज टूरिज्म वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया, जो कि एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बेेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और नशे के खिलाफ युवाओं को संदेश देने के लिए भाषण प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी।