अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। कुल्लू शहर को जोड़ने वाली खलाड़ानाला-कुल्लू पेयजल योजना से दस अक्तूबर को पेयजल सप्लाई दिनभर बंद रहेगी। दशहरा को लेकर योजना के सभी टैंकों की सफाई के साथ इसकी मरम्मत भी की जाएगी। ऐसे में शहर की करीब 20 हजार आबादी को 24 घंटे तक सप्लाई बंद होने से लगभग 45 लाख लीटर पानी नहीं मिल पाएगा। आईपीएच विभाग ने शहरवासियों से पर्याप्त पेयजल प्रबंधन पहले ही करने का आह्वान किया है।
शहर के ऊपरी इलाकों के लिए जोड़ी गई कालंग-कुल्लू पेयजल स्कीम बंद चल रही है। यह पिछले हफ्ते ब्यास के साथ सरवरी खड्ड में बादल फटने से आई बाढ़ से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। कुल्लू शहर की सबसे बड़ी खलाड़ानाला-कुल्लू योजना भी सरवरी खड्ड की जद में आने से तहस नहस हो गई है। इसके कारण लोगों को मटमैला पानी आने लगा था। आईपीएच विभाग ने 10 अक्तूबर को खलाड़ानाला-कुल्लू पेयजल स्कीम को बंद रखने का फैसला लिया है। विभाग इस योजना के तहत बने पेयजल स्टोर टैंकों की साफ-सफाई करने जा रहा है। योजना के मुख्य चैंबर बाढ़ की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए।
अपने स्तर पर करे लें पानी की व्यवस्था : केआर
आईपीएच विभाग कुल्लू के अधिशासी अभियंता केआर कुल्लवी ने कहा कि दस अक्तूबर को स्कीम पूरी तरह से बंद रहेगी। दस को सुबह छह बजे से लेकर अगले दिन 11 अक्तूबर सुबह छह बजे तक पानी की सप्लाई नहीं दी जाएगी। उन्होंने इस हालत में शहरवासियों से विभाग का सहयोग करने और अपने स्तर पर पेयजल का उचित प्रबंध करने की अपील की है।
इतर तरह दी जाती है पेयजल सप्लाई
आईपीएच विभाग शहर की करीब 20 हजार आबादी को रोज 45 लाख लीटर पानी की सप्लाई करता है। विभाग सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे और शाम छह बजे से रात 12 बजे तक पानी की सप्लाई देता है।