उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। बहन के प्यार को भाई ताउम्र नहीं भूला पाएगा। अपने भाई को रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए वह कुल्लू से पांगी जा रही थी। उसे क्या मालूम था कि भाई तक पहुंचने से पहले ही वह इस दुनिया से चली जाएगी। सड़क हादसे में शिकार मीना का भाई सुरेश अपनी बहन की याद में फूट-फूट कर रो रहा है।
22 अगस्त रात्रि रोहतांग के साथ राहनीनाला में सड़क दुर्घटना का शिकार हुई मीना का अंतिम संस्कार शुक्रवार को लाहौल के किरतिंग गांव में हुआ। मीना मूलत पांगी घाटी के किलाड़ से है और उसका विवाह लाहौल के कीरतिंग निवासी राजेश कुमार से हुआ था। वह बुधवार को कुल्लू से अपने भाई को राखी बांधने के लिए पांगी की ओर जा रही थी। लेकिन वह राहनीनाला में हादसे का शिकार हो गई। मीना के भाई सुरेश को इस घटना की सूचना मिलते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। शुक्रवार को अपनी बहन को मुख अग्नि देने के लिए वह पांगी से लाहौल पहुंचा था। बहन का पार्थिव शरीर कीरतिंग पहुंचते ही सुरेश उससे लिपट कर फूट-फूट कर रोया। सुरेश ने बताया कि अब उनकी कलाई सूनी हो गई है। अपने बहन के घर आने की खुशी में उत्सुक था। परंतु उन्हें क्या मालूम था कि उनकी कलाई पर राखी बांधने आने वाली बहन को आज अपने हाथों से मुखाग्नि देनी पड़ेगी। इस घटना पर विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज चौहान और कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने दुख जताया ह।