मरीजों से बदसलूकी मामले
में स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
घटनाक्रम को लेकर दिनभर रहा चर्चाओं का माहौल
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में गायनी डॉक्टर पर मरीजों के साथ बदसलूकी के आरोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक करनी पड़ी। जिसमें अस्पताल में हुई अव्यवस्था पर मंत्रणा की गई। हालांकि इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के दावा किया है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
मंगलवार को कुल्लू अस्पताल में उपचाराधीन महिलाओं ने कुल्लू अस्पताल में एक डॉक्टर द्वारा बदसलूकी किए जाने पर रोष जताया था। महिलाओं ने आरोप लगाया था कि उक्त डॉक्टर मरीजों के साथ बदसलूकी के साथ पेश आता है। जिसकी शिकायत करने महिलाएं सीएमओ कार्यालय भी गई लेकिन सीएमओ में मौजूद न होने पर महिलाओं ने उपायुक्त से मामले की शिकायत की थी। जहां पर महिलाओं ने उपायुक्त को आपबीती सुनाई। उपायुक्त ने मामले को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तुरंत निपटाने के निर्देश दिए थे।
महिलाओं ने उपायुक्त से मांग करते हुए कहा था कि अस्पताल में तैनात गायनी डॉक्टर पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। गौर रहे कि इससे पहले लोगों ने कई बार मरीजों ने डॉक्टरों पर बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। ऐसे में मंगलवार को कुल्लू अस्पताल में हुए घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।