एकता को खंडित करने के
प्रयास पर होंगे अयोग्य घोषित
कारदार संघ हुआ सख्त, जनसंपर्क अभियान में बोले अध्यक्ष
देव हित में कार्य करने को हैं बाधित : दोतराम ठाकुर
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। देवी-देवता कारदार संघ जिला कुल्लू के अध्यक्ष दोतराम ठाकुर ने 11 खंड इकाइयों के जन संपर्क अभियान के दौरान मंगलवार को गड़सा खंड की कार्यकारिणी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला कारदार संघ कुल्लू के संविधान के मुताबिक कारदार संघ एक स्वतंत्र संगठन है। जिला कारदार संघ कुल्लू की 11 खंड इकाइयों में पंजीकृत प्रत्येक कारदार संविधान को सर्वोच्च मान कर केवल देव हित में कार्य करने को बाधित है।
उन्होंने चेताया कि यदि कोई कारदार जिला कारदार संघ की गतिविधियों को ठेस पहुंचा कर अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए संघ की एकता को खंडित करने की कोशिश करता हुआ पाया जाए तो उसे अयोग्य घोषित करने का अधिकार भी जिला कारदार संघ कुल्लू के संविधान में निहित है। इस दौरान उन्होंने जिला कारदार संघ कुल्लू के कार्यकाल की उपलब्धियों को खंड स्तर पर कारदारों से साझा किया।
उन्होंने जिला कारदार संघ की चुनावी प्रक्रिया को पूर्ण करने में खंडों में पंजीकृत कारदारों की वार्षिक शुल्क के महत्व की जानकारी दी तथा जिला कारदार संघ कुल्लू की एकता को अखंडित करने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला कारदार संघ कुल्लू ने खंड स्तर पर देवी देवता कारकून और हरियानों के साथ मिलकर पौधरोपण के लिए देव वन/वणी महोत्सव आयोजित करने के निर्देश खंड प्रधानों को दिए हैं। पिछले 7 वर्षों में जिला कारदार संघ कुल्लू की वर्तमान कार्यकारिणी ने प्रत्येक 11 खंडों के कारदारों को विश्वास में लेकर केवल देव हित में ही 37 मदों पर उपलब्धि हासिल की है।
जिला कारदार संघ के महासचिव टीसी महंत ने बताया कि 23 जून से जिला अध्यक्ष दोत राम ठाकुर की अगुवाई में जिला पदाधिकारियों की चार सदस्यों वाली टीम खंड इकाइयों के जनसंपर्क अभियान पर निकली है जो खंडों में जाकर जिला कारदार संघ कुल्लू की मजबूती के लिए कारदारों को खंडों में जाकर जागरूक कर रही है। बैठक में जिला उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, मुख्य सलाहकार झाबे राम ठाकुर, खंड प्रधान डोला राम शर्मा, जिला प्रतिनिधि सर्वदयाल, महासचिव डोला सिंह, सुहारू राम जिला सहसचिव भाग्य राम राणा और मणिकर्ण खंड के प्रधान हीरा लाल और अन्य मौजूद रहे।