भुंतर-शीशमाटी के बीच दोबारा से होगी निशानदेही
पहले की गई निशानदेही से असंतुष्ट है राजस्व विभाग
हाईकोर्ट में पेश की जाने वाली है कब्जों की रिपोर्ट
पहली रिपोर्ट में करीब 200 अवैध कब्जे आए थे सामने
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। तेरह किलोमीटर लंबे भुंतर-शीशामाटी डिस्ट्रिक मेजर रोड पर दोनों आर बने भवनों की राजस्व विभाग दोबारा से निशानदेही करने जा रहा है। सोमवार से यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हाईकोर्ट में पेश होने वाली फाइनल रिपोर्ट में किसी तरह की चूक न हो इसके लिए राजस्व विभाग की टीम फिर से सड़क के दोनों तरफ बने घरों व दुकानों की जांच करने में जुट गई है।
हाईकोर्ट ने लोक निर्माण विभाग को भुंतर-शीशामाटी डिस्ट्रिक मेजर रोड किनारे बने भवनों कंप्लीट रिपोर्ट बनाने के लिए छह माह का समय दिया है। लोनिवि ने राजस्व विभाग तथा वन विभाग के साथ एक माह पूर्व ही भुंतर से लेकर रामशीला तक निशानदेही का काम पूरा कर दिया है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग ने भी राजस्व विभाग से पूरी रिपोर्ट मांग कर करीब दो सौ अवैध कब्जाधारियों को नोटिस भेजने की तैयार में था परंतु राजस्व विभाग को कई जगहों पर आशंका होने पर दोबारा से निशानदेही करने का निर्णय लिया गया। एसडीएम कुल्लू ने भी लोनिवि से जल्द रिपोर्ट देने को कहा था परंतु अब राजस्व विभाग द्वारा दोबारा से निशानदेही करने के निर्णय से फाइनल रिपोर्ट बनाने में करीब दो हफ्ते का समय और लगेगा।
लोक निर्माण विभाग भुंतर के सहायक अभियंता एसके धीमान ने कहा कि उन्होंने राजस्व विभाग से निशानदेही की रिपोर्ट देने को कहा था लेकिन राजस्व विभाग के अधिकारियों ने कई जगहों पर दोबारा से निशानदेही करने की बात कही है। भुंतर से लेकर टिकरा बावड़ी तक 150 से अधिक कब्जे पाए गए थे। उधर, एसडीएम कुल्लू डॉ अमित गुलेरिया ने कहा कि राजस्व विभाग पहले की गई निशानदेही के साथ कागजों का मिलान कर रहा है। उन्होंने 15 दिन में रिपोर्ट देने को कहा है।