मनाली (कुल्लू)।
पर्यटन नगरी मनाली में 100 करोड़ की लागत से बस अड्डे का आधुनिकीकरण किया जाएगा। मनाली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वन, परिवहन एवं खेल मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मनाली में लाखों सैलानी आते हैं। बस से उतरते ही सुविधाओं के अभाव में परेशान होते हैं। उन्होंने कहा कि मनाली बस अड्डा की डीपीआर को तैयार कर लिया है। वहीं एक करोड़ की लागत से मनाली वोल्वो बस अड्डे को चकाचक किया जाएगा। मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने बताया कि इन दिनों प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार ने फैसला लिया है कि राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को उचित सम्मान और सुविधा दी जाएगी। ठाकुर ने कहा कि सरकार हिमाचल में फिल्म सिटी बनाने पर भी विचार कर रही है।