स्वार। तेज गति से आ रहे वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक घर से लापता चल रहा था। नगर के मोहल्ला काशीपुर निवासी करामात खां का बेटा मियां जान मानसिक रूप से कमजोर था जो आए दिन घर से गायब रहता था। मंगलवार रात परिजनों को सूचना मिली कि अज्ञात वाहन ने स्वार रामपुर मार्ग स्थित गांव मधुपुरी के निकट युवक को टक्कर मार दी है। उसकी मौके पर ही मौत हो गई है ।सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ मौके पर पहुंच गई। जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को लगी वह भी मौके पर पहुंच गई। हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेजने के लिए तैयारी की लेकिन परिजनों ने कोई भी कार्रवाई से इंकार कर दिया। बाद में पुलिस ने पंचनामा भर युवक के शव को परिजनों के हवाले कर दिया। युवक के शव को स्थानीय कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया।