अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में गायनी विशेषज्ञों की तैनाती नहीं होने पर विधायक सुंदर सिंह का जनता के साथ मंगलवार को छठे दिन भी धरना जारी रहा। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। एक सप्ताह के दौरान कुल्लू की जनता की मांग को अनदेखा करने पर अब विधायक सुंदर सिंह ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। चेतावनी के मुताबिक अब बुधवार को कुल्लू बंद का आह्वान किया गया।
आदेश जारी होने के बावजूद मंगलवार शाम तक दोनों गायनी विशेषज्ञों की ओर से पदभार नहीं ग्रहण किया। इस पर विधायक सुंदर सिंह ने कुल्लू बंद के समर्थन में अपना एक ऑडियो व वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड किया। इसमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कुल्लू जिला समेत सीमांत जिला के लोगों की मांग को देखते हुए समर्थन मांगा गया। कहा है कि धरने के बाद आदेश का आश्वासन दिया गया, जो पहले भी कई बार हो चुके हैं। लेकिन डॉक्टर तैनात नहीं हुए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में गायनी विशेषज्ञ के खाली पदों ने जनता की मुश्किलें बढ़ा दी है। मंगलवार को करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन में कई संगठनों, महिला व युवक मंडलों ने भाग लिया। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि आदेश के बावजूद डाक्टरों ने ज्वाइनिंग नहीं दी है और चिकित्सक सरकार के आदेशों को भी नहीं मान रहे हैं। गायनी विशेषज्ञों के बिना अस्पताल में चार जिलों के मरीज परेशान हैं। गरीब लोगों को निजी अस्पतालों में जाकर इलाज करना पड़ रहा है। धरने में मनु शर्मा, करुण विराट महंत, शजेश शानू, नवनीत, कुब्जा समेत अन्य मौजूद रहे।