कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में अब सड़क पर पानी नहीं बहेगा। इसके लिए शहर में निकासी नालियों को अंडर ग्राउंड किया जा रहा है। अम्रुत योजना के तहत नगर परिषद कुल्लू के सभी 11 वार्डों में अंडरग्राउंड नालियां बनाई जाएंगी। योजनों को धरातल पर उतारने के लिए प्रथम चरण में शहर के छह वार्डों में सर्वे पूरा कर दिया है। जबकि अन्य पांच वार्डों में दूसरे चरण में सर्वे किया जाएगा। नालियों के बनने से शहरवासियों के साथ वाहन चालकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि नगर परिषद कुल्लू में रामशिला से लेकर गांधीनगर तक 11 वार्ड हैं। अम्रुत योजना के तहत नगर परिषद कुल्लू के द्वारा आरसीसी की नालियां बनाई जा रही हैं। इन्हें ऊपर से कवर भी किया जाएगा। कवर करने से नालियों में कूड़ा-कचरा नहीं जा सकेगा। आमतौर पर नालियां खुली रहने से लोग इनमें कूड़ा-कचरा डाल देते हैं। बारिश के दौरान नालियां कच्ची होने के कारण अक्सर बारिश का पानी सड़कों पर आ जाता है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
शहरवासी रविंद्र कुमार, मदन लाल, श्याम कुमार, गौरव, किशन ठाकुर, अमर चंद और संजय कुमार ने कहा कि अंडर ग्राउंड निकासी नालियां बनने से शहर के लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नालियों का पानी अमूमन सड़कों पर बहता है। इसको लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अम्रुत योजना के तहत हो रहे कार्य को नगर परिषद को जल्द पूरा करना चाहिए। नगर परिषद वार्ड नंबर एक के पार्षद राजेंद्र सूद ने कहा कि प्रथम चरण में वार्ड में कुछ जगहों पर अंडर ग्राउंड निकासी नालियां बनाने का काम शुरू भी हो गया है। उन्होंने कहा कि बारिश के साथ घरों से निकालने वाली गंदगी भी अब अंडर ग्राउंड नालियों से निकासी होगा।