कसोल विश्राम गृह के ब्लॉक का लोकार्पण
ईको टूरिजम की दृष्टि से विकसित होंगे विश्राम गृह के परिसर : गोविंद
अरमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के प्रमुख पर्यटक स्थल कसोल में रविवार को वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर वन विश्राम गृह के अतिरिक्त ब्लॉक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि लगभग पचास लाख की लागत से पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला से निर्मित इस अतिरिक्त ब्लॉक में आम लोगों सहित पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस विश्राम गृह के परिसर को ईको टूरिज्म की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। इससे देश-विदेश के पर्यटक लाभान्वित होंगे तथा स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों का कारोबार भी बढ़ेगा। वन मंत्री ने कहा कि कसोल-मणिकर्ण क्षेत्र के बाशिंदों की साडा से संबंधित समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर है और इस दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे। खीरगंगा क्षेत्र की पवित्रता बरकरार रखने और वहां पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी उचित कार्रवाई की जाएगी। कसोल-ग्राहण सड़क के निर्माण और कसोल के निकट गर्म पानी के स्रोत के संरक्षण के लिए भी पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। उपयुक्त जगह उपलब्ध होने पर कसोल में खेल का मैदान और पार्किंग स्थल विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को नियाछु-रूआड़ी पुल की मरम्मत करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, जिला परिषद सदस्य टेक चंद और पंचायत उपप्रधान टैहल सिंह ने वन मंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र की मांगें उनके समक्ष रखीं। डीएफओ एचएल राणा ने सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के दौरान बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, अरण्यपाल अजीत ठाकुर, एसडीएम डॉ. अमित गुलेरिया, आरटीओ सुरेश जसवाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।