खेत से वापस लौट रहे किसान को गोली मारी
स्वार (रामपुर)।
पुरानी रंजिश के चलते खेत से घर वापस आ रहे किसान को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया । जबकि हमलावर मौके से भाग गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश की। लेकिन वह हाथ नही लग सके।
सोमवार को तहसील क्षेत्र के गांव महुआखेड़ा निवासी किसान राशिद अपने खेत से घर वापस आ रहा था । आरोप है कि रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे गांव निवासी अनीस, फिरोज, इदरीस ने उसे घेर लिया और चली आ रही रंजिश के पीछे गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से भाग गए। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सूचना घायल के परिजनों को दी, जिससे परिजनो में हड़कंप मच गया। वह मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में घायल को सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने युवक की हालत चिंताजनक देख हायर सेंटर रेफर कर दिया। फायरिंग की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश की । लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग सके। पुलिस ने घायल युवक के भाई मुबारक अली की ओर से तीन लोगों सहित एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल सतीश कुमार ने बताया कि घायल के भाई की ओर से तीन लोगों को नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।