सड़क सुरक्षा सप्ताह में आयोजित
होंगे जागरूकता कार्यक्रम : डीसी
23 से 30 अप्रैल तक जिले भर में चलाया जाएगा व्यापक अभियान
22 तक प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी करेंगे स्कूल बसों का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 23 से 30 अप्रैल तक जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के दौरान आम लोगों विशेषकर युवाओं, वाहन मालिकों व चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें यातायात नियमों से अवगत करवाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त यूनुस ने परिवहन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि 23 अप्रैल को जागरूकता रैलियों के साथ ही इस अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। 24 को विद्यार्थियों के लिए चित्रकला व नारा लेखन प्रतियोगिता, 25 को वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, 26 को स्कूलों और कालेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, 27 को सड़क सुरक्षा की व्यापक जानकारी, 28 को लोगों को यातायात के नियमों से अवगत करवाया जाएगा। 29 को यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी वाहनों का व्यापक निरीक्षण करेंगे। अभियान के अंतिम दिन 30 अप्रैल को जिला मुख्यालय में पुरस्कार वितरण के साथ ही विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमों का समापन होगा।
उपायुक्त ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह से पहले 16 से 22 अप्रैल तक स्कूल बसों के निरीक्षण के लिए व्यापक मुहिम चलाई जा रही है। आरटीओ, एसडीएम, सहायक आयुक्त और पुलिस के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूली बसों के निरीक्षण के आदेश दिए गए हैं। बैठक में आरटीओ डॉ. सुरेश जसवाल ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायतीराज, नेहरू युवा केंद्र और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।