केलांग (लाहौल-स्पीति)। दर्रे में हुई बर्फबारी के बाद सड़क पर वाहनों के फिसलने की आशंका को देखते हुए केलांग डिपो रोहतांग दर्रा होकर चलने वाली सभी बस रूटों को फिलहाल बंद कर दिया है। वहीं मनाली-केलांग के बीच छोटे वाहनों की आवाजाही अभी जारी है। ताजा हिमपात के बाद घाटी में न्यूनमत पारा माइनस 10 डिग्री तक लुढ़क गया है।
हालांकि निगम का दावा है कि मौसम खुलने के बाद रोहतांग दर्रा के आसपास सड़क का जायजा लिया जाएगा। अगर हालात सामान्य हुए तो लंबी रूट पर फिर से सेवा शुरू हो सकती है। केलांग डिपो लाहौल से कुल्लू-मनाली और कुल्लू से लाहौल के लिए 5-5 बसों को चला रही थीं। जिससे आम यात्रियों को ऑफ सीजन में भी राहत मिल रही थी, लेकिन बस सेवाएं बंद होने से अब यात्रियों को भारी भरकम किराया अदा कर टैक्सियों में सफर करना पड़ रहा है। हल्की बर्फबारी के बावजूद रोहतांग दर्रा होकर छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है। वीरवार को भी खराब मौसम के बीच करीब तीन दर्जन से अधिक टैक्सियां मनाली से लाहौल के लिए रवाना हुईं।
इधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मानेपा ने बताया कि बुधवार रात हो रोहतांग दर्रा में करीब चार इंच बर्फ गिरी है। बर्फबारी के बाद सड़क पर पानी जमने से वाहनों के फिसलने की आशंका बढ़ गई है। लिहाजा निगम ने दर्रा होकर जाने वाले तमाम बस रूटों को बंद कर दिया है। मौसम खुलने के बाद रोहतांग का जायजा लिया जाएगा। हालात सामान्य हुए तो बस सेवा फिर से शुरू हो सकती है।