दशहरा उत्सव के चलते अब 13 अक्तूबर को खुलेंगे स्कूल
कुल्लू, मनाली, बंजार और आनी में एक साथ छुट्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के शैक्षणिक संस्थानों में दशहरा के चलते 11 दिनों तक अवकाश रहेगा। कुल्लू, मनाली, बंजार और आनी उपमंडल के स्कूलों में एक साथ अवकाश घोषित किया गया है।
पिछले साल दशहरा की छुट्टी सिर्फ मनाली, बंजार और कुल्लू उपमंडल में ही थी। आनी उपमंडल में अवकाश का शेड्यूल अलग रहता था। दशहरा उत्सव समाप्त होने के बाद 13 अक्तूबर से स्कूलों में कक्षाएं नियमित रूप से चलेंगी।
गौर रहे कि दशहरा उत्सव कुल्लू जिले का प्रमुख पर्व है। इसलिए दशहरा के दौरान बच्चों को छुट्टी दी जाती है। दशहरा में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के ठहरने की व्यवस्था होती है। साथ ही शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र स्कूल ढालपुर के प्रांगण में देवी-देवता ठहरते हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद यह दूसरा मौका होगा जब स्कूलों में 11 दिनों का अवकाश होगा। दूसरी ओर, दशहरा के दौरान लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियाें की ओर से रंगारंग कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। उधर, शिक्षा उप निदेशक उच्च देसराज डोगरा ने कहा कि स्कूलों में 13 अक्तूूबर से विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।