कुल्लू। संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी सड़क पर पुर्थी से किलाड़ के बीच कार्य कर रही 108 आरसीसी को पांगी घाटी से स्थानांतरित न करने की मांग उठाई गई है। स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने बीआरओ के चीफ इंजीनियर केके शर्मा को मांगपत्र सौंपा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 108 आरसीसी के पांगी में आने के बाद घाटी की सड़कों पर कोलतार बिछाने के कार्य में तेजी आई है।
उन्होंने बताया कि जो सड़क करीब 40 साल से पक्की नहीं हो पाई थी, उसे 108 आरसीसी ने महज दो साल में आधे से ज्यादा पक्का कर दिया है। यूनिट की मौजूदगी से क्षेत्र की सड़क व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि 108 आरसीसी को पांगी घाटी से स्थानांतरित न किया जाए। इस मौके पर ग्राम पंचायत पुर्थी के प्रधान दीना नाथ शर्मा, अंकित ठाकुर, रवि ठाकुर, योगेश ठाकुर, भीम सिंह, ग्राम पंचायत रेई के प्रधान केवल शर्मा और उपप्रधान प्रेम सिंह मौजूद रहे। संवाद