अमर उजाला ब्यूरो
बजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार में बारिश और बर्फबारी से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं। बंजार-गलवाहधार, बंजार-पनिहार, बंजार-पेखड़ी, बंजार-खणी, बंजार-लटीपरी, बंजार-गुशैणी, बंजार-बठाहड़ में एचआरटीसी की बस सेवा ठप हो गई है।
औट-लूहरी राष्ट्रीय मार्ग पर चलने वाले वाहन भी जिभी घयागी तक जा रहे हैं। उपमंडल बंजार की 36 पंचायतों के दर्जनों गांव में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। बिजली, पानी तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं लोगों को नहीं मिल पा रही हैं। समूचा उपमंडल फिर शीतलहर की चपेट में आ गया है। लोग बुधवार को भी भारी बारिश और बर्फबारी होने पर अपने-अपने घरों पर दुबके रहे। उपमंडल अधिकारी बंजार एमआर भारद्वाज ने कहा कि भारी बारिश और बर्फबारी के होने से पूरे उपमंडल में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी नागरिक किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं व ऊंचे स्थानों की ओर न जाएं।