अमर उजाला ब्यूरो
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी की 15 पंचायतों में बीएसएनएल की सेवाएं चरमरा गई हैं। इंटरनेट सेवा भी बाधित हो गई है। बीएसएनएल की इंटरनेट व दूरसंचार सेवाओं के चरमरा जाने से उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी की। लेकिन ग्रामीणों की समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है।
सैंज घाटी के उपभोक्ता दौलत राम, नारायण सिंह, राम दास, किशोरी लाल, राम देव, सोनू, चंद्र, दुर्गा सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से बीएसएनएल का नेटवर्क नहीं आ रहा है। ऐसे में मोबाइल शोपीस बन कर रह गया है। इंटरनेट ठप हो जाने से तहसील में प्रमाणपत्र, जमीनी पर्चे तथा बैंक में लोगों के काम नहीं हो रहे। पिछले काफी समय से सैंज में यह समस्या आ रही है। बीएसएनएल के अधिकारी लोगों को आश्वासन ही देते आ रहे हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सबसे अधिक परेशानी सैंज घाटी के शाक्टी, मरोड़ और शुगाड़ के लोगों को आ रही है। यहां बीएसएनएल के सिवाय दूसरा नेटवर्क काम नहीं करता है। ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द ही समस्या का समाधान कर जनता को राहत प्रदान की जाए। उधर, इस संबंध में एसडीएम बंजार मनीराम भारद्वाज ने कहा कि बीएसएनएल को सैंज घाटी में सेवाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।