बंजार (कुल्लू)। दूर-दूर तक बिछी बर्फ की दो फीट मोटी चादर, रास्ते भी बर्फ से बंद तो ऐसे में मरीज को अस्पताल पहुंचाना किसी चुनौती से कम नहीं था। लेकिन इसे सोझा गांव के ग्रामीणों के हौसले ने आसान बना दिया और मरीज भी जान भी बच पाई।
मामला कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल में सोझा गांव का है। जहां पर 60 साल के बुजुर्ग कुलदीप परमार की बीमारी के चलते तबीयत काफी बिगड़ गई। वीरवार रात को हुई बर्फबारी से हालात काफी खराब हो गए। बाहर बर्फ की दो फीट परत बिछ गई। लेकिन मरीज कुलदीप परमार की हालात बिगड़ती ही जा रही थी। इस पर परिजनों ने ज्यादा इंतजार नहीं किया। शनिवार को चारपाई पर मरीज को कंधे पर उठाकर बर्फ के बीच चल दिए। गांव के लोगों ने भी इसमें मदद की। मरीज को पांच किलोमीटर तक चारपाई में कंधों पर उठाकर सोझा से घियागी तक लाया गया। यहां से मरीज को वाहन के माध्यम से बंजार अस्पताल लाया गया। जहां पर मरीज का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि अगर मरीज को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो मरीज की हालत और भी बिगड़ सकती थी। मरीज के साथ आए तीमारदार सोझा गांव में टेक सिंह, बेटा ऐलु राम ने कहा कि दो फीट बर्फ के बीच वाहन की आवाजाही संभव नहीं थी। इसलिए उन्होंने मरीज को चारपाई पर बिठाकर कंधों पर उठाकर पांच किलोमीटर सफर बर्फ के बीच किया है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को बर्फबारी के कारण मुश्किलें पेश आती हैं। वहीं सोझा गांव के लोगों के हौसले की हर जगह तारीफ की जा रही है।