फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौहल कूड़ा संयंत्र में कचरा डंपिंग का विरोध

विज्ञापन
प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

मौहल (कुल्लू)। जिला मुख्यालय के साथ लगते मौहल कूड़ा संयंत्र को लेकर वन अधिकार समिति व ग्रामीणों ने प्रशासन व नगर परिषद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने शनिवार को कूड़ा संयंत्र जाने वाली सड़क को बंद कर दिया। स्थानीय लोगों ने कूड़ा संयंत्र में कूड़ा-कचरा डालने व डंपिंग से साफ तौर पर मना कर दिया है। लोगों को समझाने मौके पर गए प्रशासन, पुलिस, नप और नगर पंचायत के अधिकारियों को भी बेरंग ही लौटना पड़ा।
ग्रामीण दिनभर मौके पर डटे रहे। इससे कूड़ा लेकर कोई भी शनिवार को डंपिग साइट तक नहीं पहुंच पाया। ऐसे में डंपिंग साइट को लेकर नगर परिषद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शनिवार को मौहल डंपिंग साइट जाने वाली सड़क बंद करने की खबर जैसे ही प्रशासन व नप को मिली तो पुलिस के साथ नायब तहसील, कुल्लू नगर परिषद, नपं भुंतर के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन समिति ने नायब तहसीलदार व अन्य पदाधिकारियों को कानूनी दस्तावेज दिखाए। गौर रहे कि वन अधिकार समिति के सदस्यों की ओर से 28 अगस्त को प्रशासन को लिखित में विरोध स्वरूप मांग पत्र सौंपा था। इसमें ग्रामीणों की ओर से मांग की गई थी कि मौहल कूड़ा संयंत्र को अन्य जगह स्थानांतरित किया जाए। वन अधिकार समिति के प्रधान जोगिंद्र ने कहा कि पिछले कई वर्षों से मौहल डंपिंग साइट में नगर परिषद कुल्लू, नगर पंचायत भुंतर की ओर से कूड़ा फेंका जा रहा है। इसे वैज्ञानिक तौर पर नष्ट नहीं किया जा रहा है। संयंत्र में बिलासपुर, मंडी, कुल्लू का बॉयोमेडिकल बेस्ट भी डंप किया जा रहा है। इसके निष्पादन के लिए लगाया गया इंसीनरेटर खराब पड़ा है। कूड़ा संयंत्र करने वाला वाहन भी खराब है। ऐसे में कूड़े की बदबू से पिरडी, तलोगी, नारायणी, मौहल, भुट्टी कॉलोनी, लोअर बदाह के ग्रामीण परेशान हैं। नेचर पार्क मौहल में सुबह, शाम सैर करने वालों ने बदबू के चलते सैर करने बंद कर दी है। वन अधिकार समिति सचिव अभय चौधरी, कोषाध्यक्ष टिकम ठाकुर, सदस्य अनिलकांत, नवीन कुमार, कपिल शर्मा, पिकेश ठाकुर, अशोक कुमार, सुनील, धर्म, होमिंद्र कुमार, खेमराज, सुनील ठाकुर, नौमी राम, धर्म सिंह, सोम देव ने कहा कि किसी भी कीमत पर कूड़ा डंप नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन


बल्ह पंचायत ने दी है एनओसी : नप
नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि डंपिंग साइट को नोरवे सरकार की सहायता से वर्ष 1996 में डेढ़ करोड़ की लागत से बनाया गया है। उस समय बल्ह पंचायत ने नगर परिषद को एनओसी दी है। जिले में दूसरी जगह साइट बनाने का विरोध हुआ है। कुछ लोग मामले को लेकर राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि कूड़ा संभाल कर रखें। जल्द ही मसले का हल निकाला जाएगा।
विज्ञापन


नहीं माने तो एफआईआर : अमित
एसडीएम डॉ अमित गुलेरिया ने कहा कि कुछ लोगों की ओर से बंद किए रास्ते को खुलवाया जाएगा। अगर नहीं माने तो एफआईआर दर्ज की जाएगी।

दिनभर नहीं उठा शहर से कूड़ा
मौहल स्थित कूड़ा संयंत्र में लोगों के विरोध के चलते कुल्लू शहर व भुंतर से कूड़ा उठ नहीं पाया। दुकानों व कूड़ा पिक प्वाइंट पर कचरे के ढेर लगे रहे। इसके साथ नगर परिषद की कूड़ा ले जाने वाली गाड़ियां खड़ी रही। पूरे शहर से एक दिन कूड़ा न उठने से लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें