अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के कसोल में पुलिस जवानों का बिना वर्दी के पर्यटकों की तलाशी लेने और उनसे उलझने पर सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन लोग अपने आपको पुलिस का जवान बता रहे हैं। वे पर्यटकों के साथ उलझ रहे हैं। मामले में एसपी ने जवानों की पहचान कर उन्हें तलब किया है।
मामला दो दिन पहले का है जब तीन पर्यटक कसोल में शनि मंदिर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान पुलिस के तीन जवान जिन्होंने वर्दी नहीं पहनी थी, वे पर्यटकों की गाड़ी को रोकते हैं और उनकी तलाशी लेने का कहते हैं। लेकिन पर्यटक तलाशी से इनकार कर देते हैं। इसके बाद पुलिस का एक जवान आईकार्ड दिखाता है। फिर पर्यटकों और पुलिस जवानों के बीच गहमागहमी हो जाती है। कहा कि शराब पीकर आप तलाशी लेते हो। आपने मुझे थप्पड़ क्यों मारा। मामले को पुलिस से जुड़ा होने के बाद पुलिस भी मामले की छानबीन करने में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि वायरल वीडियो में तीन पुलिस जवानों की पहचान की गई है। जवानों को तलब किया गया है। पुलिस मामले की तह तक जाएगी। जिन पर्यटकों ने वीडियो बनाया है पुलिस उन तक पहुंच चुकी है। लेकिन पर्यटक अब कुल्लू जिला से बाहर हैं। अगर पुलिस जवान इस मामले में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा जिन लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है, उनसे भी पुलिस साक्ष्य मांगेगी।