अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। बेटियों के प्रति लोगों की सोच बदलने के लिए कुल्लू जिला में प्रतिभाशाली बेटियों व महिलाओं के फोटो व उपलब्धियों के साथ होर्डिंग लगेंगे। इसके माध्यम से लोगों को बेटियां भी बेटों की तरह माता-पिता, जिला व प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं, का संदेश दिया जाएगा। जिला कुल्लू की कई बेटियां व महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का हुनर दिखा चुकी हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली कुल्लू जिला की बेटियों और महिलाओं को सम्मान देने तथा उनके माध्यम से अन्य लड़कियों को प्रेरित व प्रोत्साहित करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग यह पहल शुरू कर रहा है। विभाग कुल्लू जिला की प्रतिभाशाली बेटियों व महिलाओं का डाटा व फोटो एकत्रित करके उनके होर्डिंग्स जगह-जगह पर लगाएगा। होर्डिंग में उपलब्धियां दर्शाकर बेटियों की महत्वता बताई जाएगी कि वह किसी से कम नहीं है। जिला में ऐसी कई प्रतिभावान लड़कियां व महिलाएं हैं। जिला की प्रतिभावान बेटियां अपनी उपलब्धियों का डाटा विभाग को भेज सकती हैं। इधर, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि प्रदेश सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत ऐसी लड़कियों व महिलाओं का डाटा एकत्रित किया जा रहा है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने जिलावासियों से ऐसी बेटियों का डाटा और फोटो जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय को प्रेषित करने का आह्वान किया है। यह डाटा ईमेल आईडी कुल्लूडीपीओ एट द रेट याहू डॉटकॉम पर भी मेल किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 222105 पर संपर्क किया जा सकता है।