शहर में वार्ड कमेटियों का गठन करे पुलिस
एसपी से मिला देवभूमि जागरण मंच का प्रतिनिधिमंडल
कुल्लू में प्रवासियों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। देवभूमि जागरण मंच ने प्रवासियों की ओर से किए गए जा रहे गंभीर अपराधों पर चिंता जाहिर की है। मामले को लेकर देवभूमि जागरण मंच का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कुछ समय में जिला में प्रवासियों की संख्या में एकाएक वृद्धि हो गई है, जो चिंता का विषय है। शांत वादियों में जब से बाहरी राज्यों के लोगों की संख्या बढ़ी है। कुल्लू में अपराध का ग्राफ भी बढ़ा है। पिछले दिनों सुल्तानपुर में रह रहा सुपारी किल्लर पकड़ा गया। रायसन क्षेत्र के तहत एक प्रवासी ने सात साल के बच्चे के साथ दुष्कर्म किया। वहीं, दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुराचार में भी प्रवासियों की संलिप्तता पाई गई है। इससे पूर्व भी देवभूमि जागरण मंच ने समस्या को उठाया था। उन्होंने मांग की है कि पुलिस की ओर से शहर के हर वार्ड कमेटियों का गठन किया जाए। जिससे पुलिस और स्थानीय लोग मिल कर संदिग्धों पर नजर रख सकें। मकान मालिक की ओर से तीन महीने में एक बार किरायेदार की पुलिस वैरीफिकेशन की जाए। फाइनल वैरीफिकेशन उनके गृह थाना से अवश्य ली जाए। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि इसको लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बाहरी राज्यों के लोगों का पंजीकरण किया जाएगा। इस मौके पर प्रसून, विवेक सूद, इंद्र कुमार, भोला, संजीव, अमित जैन, उत्सव चड्ढ़ा, मनोज, सन्नी आदि मौजूद रहे।