सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी के कराईला और नड़ाहरा गांव में दस दिनों से पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण तीन किलोमीटर दूर से पानी को ढोने के लिए मजबूर हैं। अभी तक आईपीएच विभाग समस्या का निदान नहीं कर पाया है। जिससे ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीण बिहारी लाल, माघु राम, वेद राम, खूब राम, झाबे राम, टेक राम, खीमी राम, संजू, शेर सिंह और अन्य के अनुसार उनके गांव कराईला व नड़ाहरा में पिछले डेढ़ सप्ताह से पेयजल किल्लत चल रही है। पानी की पाइपें जगह-जगह से टूट गई। जिसके कारण पानी नहीं आ रहा है। पडेनी से कराईला और नड़ाहरा पानी की सप्लाई है, लेकिन ग्रामीण पेयजल के लिए तरस गए हैं और विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। दो गांव के करीब 18 परिवारों को पेयजल दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग से आग्रह किया है कि प्राथमिकता के आधार पर समस्या का निदान किया जाए। जिससे पेयजल किल्लत दूर हो। वहीं इस संबंध में आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता लारजी अंकुज राज अवस्थी ने बताया कि सैंज में शिकायत कक्ष खोल दिया गया है। यदि आगे से ऐसी कोई समस्या हो तो पहले सैंज ऑफिस में शिकायत दर्ज करें। जल्द कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया जाएगा और पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।